उज्जैन में महिला से फुटपाथ पर दिनदहाड़े दुष्कर्म के मामले को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर मध्य प्रदेश सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा। पीड़िता उज्जैन में रहकर कचरे से सामान बीनने का काम करती थी। विगत बुधवार को फुटपाथ पर उससे फल का ठेला लगाने वाले आरोपित लोकेश ने दिनदहाड़े दुष्कर्म किया।
जेएनएन, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में महिला से फुटपाथ पर दिनदहाड़े दुष्कर्म के मामले में राजनीति तेज हो गई है। शुक्रवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर मध्य प्रदेश सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा।
प्रियंका ने लिखा कि पवित्र भूमि पर ऐसी वारदात से मानवता कलंकित हुई है, वहीं कमलनाथ ने कानून-व्यवस्था ठप होने का आरोप लगाया है। कांग्रेस पर पलटवार करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि प्रदेश में कोई भी वारदात होती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई होती है।
आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया
उज्जैन की वारदात में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह प्रदेश को बदनाम करने का काम कर रही है। अब पुलिस मामले का वीडियो बनाकर बहुप्रसारित करने वाले की तलाश में जुटी है। हालांकि, महिला से दुष्कर्म का अरोपित पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।