Indore News इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक सगे मौसा ने अपनी ही भतीजी की हत्या कर दी। पुलिस की जांच के बाद पता चला कि भतीजी के साथ उसका मौसा दुष्कर्म करता था। युवती यह बात पुलिस को बताने जा रही थी । इस डर में मौसा ने युवती को पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।
इंदौर शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सगे मौसा ने अपनी भतीजी की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। दरअसल, रविवार को पुलिस को एक युवती का शव मिला था। जांच-पड़ताल के बाद खुलासा हुआ कि मृतक युवती की हत्या खुद उसके मौसा ने की है। पुलिस ने मौसा और कुछ पड़ोसियों को हिरासत में लिया है।
दुष्कर्म करता था मौसा
पूछताछ के बाद पता चला कि मौसा अपनी ही सगी भतीजी के साथ दुष्कर्म करता था। अपने साथ हुई गंदी हरकत के बाद भतीजी शिकायत करने पुलिस थाने जा रही थी। सच्चाई सामने आ जाने के डर से मौसा ने युवती के सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मौसा के साथ रहती थी युवती
डीसीपी जोन-3 पंकज पांडेय के मुताबिक, पीड़िता की उम्र 24 साल की थी। उसके माता-पिता गुजरात के वडोदरा शहर में रहते हैं। युवती अपने मौसा के साथ रहती थी। पुलिस को युवती का शव रविवार सुबह खाली मैदान में अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ। युवती की हत्या पत्थर से कुचलकर हुई थी। डीसीपी के अनुसार, युवती नशा भी करती थी। आशंका जताई जा रही है कि युवती के नशे की हालत में रहने के कारण मौसा ने उसका फायदा उठाया होगा। साथ ही उसके पड़ोसी ने भी फायदा उठाते हुए युवती के साथ दुष्कर्म किया।